झारखंड के खूंटी संसदीय क्षेत्र से विजयी हुए अर्जुन मुंडा का सफर महज़ एक सांसद के रूप में नहीं थमा बल्कि उन्हें मोदी सरकार के मंत्रिमंडल में भी जगह मिली. अर्जुन मुंडा को सरकार ने अनुसूचित जनजाति कल्याण की जिम्मेदारी सौंपी है.
केंद्रीय मंत्री के रूप में शपथ लेने के बाद जब अर्जुन मुंडा अपने राज्य झारखंड पहुँचे तो रांची एयरपोर्ट में भाजपा कार्यकर्त्ताओ ने उनका भव्य स्वागत किया.
नीचे वीडियो में आप देख सकते हैं कि कैसे भाजपा कार्यकर्ता उनका ढोल-नगाड़ो के साथ फूल बरसा कर स्वागत कर रहे हैं.
गुरुवार काे उन्होंने PM मोदी और अन्य सांसदों के साथ मंत्री पद की शपथ ली.केंद्र में एक मंत्री झारखंड से होगा इस बात का अंदाज़ा तभी हो गया था जब अर्जुन मुंडा को PMO ने चाय पर बुलाया था.
अर्जुन मुंडा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कैबिनेट में 14वें मंत्री के रूप में शपथ ली.
आपको बता दें कि, केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा इस लोकसभा चुनाव में खूंटी संसदीय क्षेत्र से BJP का मोर्चा संभाल रहे थे. मैदान में उनके सामने थे कांग्रेस प्रत्याशी कालीचरण मुंडा. अर्जुन मुंडा ने कांग्रेस प्रत्याशी को 1445 वोट से हरा कर खूंटी लोकसभा सीट पर जीत हासिल की.
झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने भी ट्वीट कर केंद्रीय मंत्री चुने जाने पर अर्जुन मुंडा को बधाई दी थी. अर्जुन मुंडा को केंद्र में मंत्री चुने जाने पर झारखंड के भाजपा कार्यकर्ताओं में ऊर्जा की लहर पैदा हो गई है और पार्टी में जश्न का माहौल है.