समूचे देश के अधिकतर राज्यों में जबरदस्त गर्मी और लू की लपट चल रही है। कई स्थानों पर तापमान 46 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रिकॉर्ड हुआ है। भारत में इस साल लू से अब तक 30 लोगों की जानें जा चुकी हैं।
- देश के अधिकतर भागों में जबरदस्त लू का कहर, अब तक 30 की मौत
- सबसे अधिक तेलंगाना में 17 मौत, महाराष्ट्र में 8 और आंध्र प्रदेश में 3 लोगों की लू से मौत
- राजस्थान के श्रीगंगानगर में शुक्रवार को तापमान 49.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था
- मौसम विभाग कह रहा है, दिल्ली के लिए तो ‘रेड कलर’ वॉर्निंग जारी है यानी अभी 3 दिन राहत नहीं
नई दिल्ली। समूचे देश के ज्यादातर राज्यों में भीषण गर्मी और लू का सितम जारी है। कई स्थानों पर तापमान 46 डिग्री सेल्सियस से ऊपर है। राजस्थान के श्रीगंगानगर में तो शुक्रवार को अधिकतम टेम्परेचर करीब 50 डिग्री तक पहुंचा था। वहां 49.6 डिग्री तापमान दर्ज हुआ है। इस साल देश में हीटवेव-HEAT-WAVE के कारण अब तक करीब 30 लोग मारे जा चुके हैं। मौसम विभाग कहता है, अगले 3 दिनों तक भीषण हीटवेव यूं ही देखने को मिलेगी।
अधिकतर हिस्से में लू
मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी राजस्थान के अधिकतर हिस्सों में शनिवार यानी आज भीषण हीटवेव जारी रही है। इसके साथ ही, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, एमपी, यूपी, आंध्रा, तेलंगाना, बिहार, झारखंड, कर्नाटक, नॉर्थ कर्नाटक और महाराष्ट्र के कई हिस्सों में लू का तांडव अगले कई दिनों तक यूं ही बना रहेगा।
तेलंगाना में अधिक मौतें
जबरदस्त लू चलने के कारण तेलंगाना में सबसे अधिक मौत होने की खबर हैं। पिछली 23 दिनों में सूबे में गर्मी और लू से 17 लोगों की मौत हो चुकी है। यह आंकड़ा बढ़ भी सकता है। इसी तरह आंध्र प्रदेश में इस सीजन में 3 लोगों की लू लगने से मौत हुई है। इसके अलावा 433 लोग बीमार हुए हैं। दोनों राज्यों में 2015 में भीषण लू ने कहर ढाया था। तब अकेले आंध्र प्रदेश में लू लगने से 1,369 लोगों की मौत हुई थी। इसी तरह तेलंगाना में 2015 में 541 लोगों की मौत हुई थी। वहां पिछले साल भी 27 लोगों की जान गई थी।
महाराष्ट्र में अबतक 8 की मौत
महाराष्ट्र के भी ज्यादातर हिस्से भीषण गर्मी और लू की चपेट में हैं। यहां इस सीजन में गर्मी से अबतक 8 लोगों की मौत हो चुकी है। इसके अलावा 456 लोगों के बीमार होने के मामले सामने आए हैं। नागपुर और अकोला जैसे क्षेत्रों में लू से मौत और बीमार पड़ने की घटनाएं ज्यादा हुई हैं।
इलाहाबाद और राजस्थान के गंगानगर में 50 डिग्री के करीब पारा
इस सीजन में कुछ जगहों पर अधिकतम तापमान 50 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच चुका है। शुक्रवार को जहां राजस्थान का गंगानगर सबसे गरम था, वहीं उससे एक दिन पहले गुरुवार को इलाहाबाद देश में सबसे ज्यादा तप रहा था। शुक्रवार को गंगानगर में अधिकतम तापमान 49.6 डिग्री सेल्सियस और गुरुवार को इलाहाबाद में 48.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
दिल्ली में ‘रेड कलर’ वॉर्निंग
मौसम विभाग ने तो दिल्ली के लिए हाइएस्ट ‘रेड कलर’ वॉर्निंग जारी की है। हालांकि, यहां शनिवार को तापमान में थोड़ी गिरावट देखी गई। शुक्रवार को जहां चाणक्यपुरी जैसे कुछ इलाकों में पारा 47 डिग्री से भी पार चला गया था, वहीं शनिवार को अधिकतम तापमान 45 डिग्री के आस-पास है। मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली में हीटवेव की स्थिति तबतक जारी रह सकती है जबतक कि बंगाल की खाड़ी से पुरुवइया हवा यूपी के रास्ते दिल्ली न पहुंचे और यहां डस्ट स्टॉर्म और हल्की बारिश न लाए।
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल में भी पारा 44 पार
जम्मू-कश्मीर और हिमाचल जैसे पहाड़ी राज्यों में भी कुछ जगहों पर पारा 45 डिग्री के करीब पहुंच गया है। जम्मू में शुक्रवार का दिन सीजन का सबसे गर्म दिन रहा, जहां तापमान 44.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसी तरह हिमाचल के ऊना जिले में पारा 44.7 डिग्री सेल्सियस को छू गया। देहरादून में भी पारा 40 के पार पहुंच गया है।